हैदराबाद में अखिल भारतीय धानुक एकता महासंघ की विशेष बैठक संपन्न

हैदराबाद : अखिल भारतीय धानुक एकता महासंघ के युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता आदित्य मंडल के नेतृत्व में हैदराबाद टीम द्वारा आयोजित विशेष बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं संगठनात्मक उत्साह के साथ संपन्न हुई। बैठक में शामिल होने पर आदित्य मंडल का भव्य स्वागत किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य हैदराबाद टीम का विस्तार करना एवं बिहार में प्रस्तावित धानुक जोड़ो यात्रा को सफल बनाना रहा। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
आदित्य मंडल ने निर्देश दिया कि आगामी दो महीनों के भीतर हैदराबाद के अधिकतम जिलों में संगठनात्मक टीम का गठन किया जाए। साथ ही उन्होंने एक सप्ताह के भीतर राज्य स्तरीय कार्यालय की स्थापना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि संगठन की गतिविधियों का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक सप्ताह रविवार को धानुक जोड़ो यात्रा के माध्यम से सदस्यता अभियान चलाया जाए, जिससे समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके। बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती सूरज काला देवी को हैदराबाद महिला अध्यक्षा चुना गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्ण निष्ठा एवं सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया और धानुक समाज के उत्थान एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश प्रभारी राजन मंडल, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद मंडल, प्रदेश महासचिव संत कुमार मंडल, सोशल मीडिया प्रभारी लक्ष्मण मंडल, संतोष मंडल, नवल मंडल, शत्रुध्न मंडल, बाबूलाल मंडल, फकीर मंडल, विश्मवर मंडल, सुनील मंडल, रामानंद मंडल, रोहित मंडल, नारायण मंडल एवं सूरज काला देवी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



