राष्ट्रीय युवा संसद में समस्तीपुर के प्रणव कश्यप ने बढ़ाया मान देश
बीआरबी कॉलेज समस्तीपुर के छात्र प्रणव कश्यप ने राष्ट्रीय युवा संसद में बढ़ाया मान
समस्तीपुर : बीआरबी कॉलेज समस्तीपुर के छात्र प्रणव कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित चौथे नेशनल इंवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026 में प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कर न केवल अपने कॉलेज बल्कि पूरे जिले और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस युवा संसद में प्रणव कश्यप ने वैश्विक जलवायु सम्मेलन ‘सीओपी 30’ के संदर्भ में भारत की सभ्यतागत मूल्यों पर आधारित सतत विकास की अवधारणा को मजबूती से रखा। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि भारत की पारंपरिक जीवनशैली और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने की सोच आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संकट के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उनके विचारों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का समन्वय स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
प्रणव कश्यप ने अपने वक्तव्य में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2050 तक नेट-ज़ीरो लक्ष्य हासिल करने के लिए ठोस और दीर्घकालिक रणनीति अपनाने की जरूरत बताई।
उन्होंने वृक्षारोपण और वन संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे प्राकृतिक कार्बन सिंक के रूप में कार्य करते हैं, जो वातावरण में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा उन्होंने ग्लोबल साउथ के देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका को मजबूत करने का सुझाव भी दिया।
प्रणव कश्यप की तार्किक, शोधपूर्ण और प्रभावशाली प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों, निर्णायकों और अन्य प्रतिभागियों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी भागीदारी को काफी सराहा गया और इसे युवा पीढ़ी की जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक माना गया।
प्रणव की इस उपलब्धि से बीआरबी कॉलेज, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और पूरे मिथिला क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। कॉलेज के शिक्षकों और साथियों ने उनकी इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।




